बुद्ध पूर्णिमा के कारण बदली ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ की तिथि, अब 8 मई को होगा आयोजन

0
file_0000000098c071fa9f058ed7aeae421d

लखनऊ- नगर निगम द्वारा आयोजित होने वाला ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ इस बार निर्धारित तिथि पर नहीं होगा। बुद्ध पूर्णिमा के सार्वजनिक अवकाश के चलते इसकी तिथि बदलकर अब 08 मई 2026 कर दी गई है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, हर माह के प्रथम शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय, लालबाग में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ आयोजित किया जाता है, जिसमें नागरिक अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं।
मई माह के पहले शुक्रवार, 01 मई को बुद्ध पूर्णिमा का अवकाश होने के कारण कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सका। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार अब यह कार्यक्रम 08 मई को आयोजित होगा।
इस दौरान गृहकर, जीआईएस सर्वे, सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट समेत नगर निगम से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर शिकायतों के त्वरित निस्तारण को सुनिश्चित करेंगे।
नगर निगम प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस दिन अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे 08 मई को आयोजित ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »