यूपी में पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाने की तैयारी, शासन को भेजा गया प्रस्ताव
लखनऊ से बड़ी खबर सामने आई है। पंचायती राज विभाग ने पंचायत चुनाव समय पर न होने की स्थिति में ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों और जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल बढ़ाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में प्रशासक समिति के माध्यम से वर्तमान पंचायत प्रतिनिधियों को ही जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी की जा रही है।
प्रस्ताव में ग्राम प्रधानों के साथ-साथ ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल भी बढ़ाने की बात कही गई है। माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव अब विधानसभा चुनाव के बाद कराए जा सकते हैं।
राजनीतिक गलियारों में इस कदम को पंचायत प्रतिनिधियों की सहानुभूति हासिल करने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है। चर्चा है कि कार्यकाल बढ़ाए गए प्रधान और अध्यक्ष आगामी विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से अहम भूमिका निभा सकते हैं।
