विभाजन की त्रासदी को याद कर सीएम योगी ने लखनऊ में निकाली मौन पदयात्रा
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मौन पदयात्रा निकालकर विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल की प्रतिमा से लोकभवन तक करीब आधा किलोमीटर पैदल यात्रा की।
पदयात्रा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में विभाजन की त्रासदी पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभाजन की पीड़ा और उस दौर की घटनाओं पर आधारित शॉर्ट फिल्म भी देखी। इस दौरान उन्होंने कलाकारों की ओर से बनाई जा रही लाइव पेंटिंग का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने विभाजन के दौरान विस्थापित होकर भारत आए परिवारों के सदस्यों से मुलाकात की। विस्थापित परिवारों ने मुख्यमंत्री को विभाजन के दौरान झेले गए दर्दनाक अनुभवों के बारे में बताया।
इस मौन पदयात्रा में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत भाजपा के कई पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और अन्य लोग शामिल हुए। मौन पदयात्रा के जरिए विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही उस त्रासदी की यादों को भी साझा किया गया।
