अवैध शराब पकड़ने गए TI की ट्रक से कुचलकर मौत
Oplus_16908288
मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलने से मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 से 1:30 बजे इंदौर-बैतूल हाईवे पर हुई।
चालक ने TI पर चढ़ा दिया ट्रक!
जानकारी के मुताबिक, TI दिलीप पुरी पुलिस टीम के साथ अवैध शराब से भरे आयशर वाहन को पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान चालक ने ट्रक आगे बढ़ा दिया और उसका पिछला पहिया दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल TI को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
एक आरोपी गिरफ्तार, चालक फरार
पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में केरम सिंह को गिरफ्तार किया है। वहीं, ट्रक चालक घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। मामले की जांच के लिए SIT का गठन भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने की ₹1 करोड़ की सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिवंगत TI के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही उनकी पत्नी को सब इंस्पेक्टर के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने का भी ऐलान किया है।
गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी गई अंतिम विदाई
पोस्टमार्टम के बाद दिलीप पुरी के पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर खातेगांव थाना परिसर लाया गया। यहां पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले TI दिलीप पुरी को भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे।
