यूपी वक्फ संपत्ति पंजीकरण में देश में अव्वल, 92 हजार से अधिक संपत्तियां हुईं रजिस्टर्ड
Oplus_16908288
लखनऊ– वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण के मामले में उत्तर प्रदेश ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है। प्रदेश में अब तक कुल 92,832 वक्फ संपत्तियों का सफलतापूर्वक पंजीकरण पूरा किया जा चुका है, जो शासन की सक्रियता और प्रभावी निगरानी व्यवस्था को दर्शाता है।
आंकड़ों के अनुसार, यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अंतर्गत आने वाली 86,347 वक्फ संपत्तियों का पंजीकरण किया जा चुका है, जबकि शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड की 6,485 संपत्तियां अब तक रजिस्टर्ड हो चुकी हैं।
शिया वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण में लखनऊ जिला प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है, वहीं सुन्नी वक्फ बोर्ड की संपत्तियों के पंजीकरण में बाराबंकी जिला अव्वल स्थान पर है। इससे यह स्पष्ट होता है कि जिलास्तर पर भी प्रशासन द्वारा इस अभियान को गंभीरता से आगे बढ़ाया जा रहा है।
वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण का उद्देश्य उनकी पारदर्शिता सुनिश्चित करना, अवैध कब्जों पर रोक लगाना और वक्फ की संपत्तियों का सही उपयोग सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में केंद्र सरकार ने राज्यों की मांग को देखते हुए वक्फ संपत्ति पंजीकरण की समय-सीमा को 6 माह के लिए बढ़ा दिया है, ताकि शेष संपत्तियों का भी पंजीकरण समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सके।
प्रदेश सरकार का कहना है कि निर्धारित अवधि में शत-प्रतिशत वक्फ संपत्तियों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता और मजबूती आएगी।
