यमुना एक्सप्रेस-वे हादसे के बाद CM योगी सख्त, अफसरों को दिए कड़े निर्देश
लखनऊ– यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को कार और बसों की भीषण भिड़ंत में हुई व्यापक दुर्घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्शन मोड में नजर आए। मुख्यमंत्री ने इस गंभीर घटना को संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ साझा बैठक कर सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनएचएआई, स्टेट हाईवे अथॉरिटी और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर एक्सप्रेस-वे पर यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक्सप्रेस-वे पर पेट्रोलिंग को तत्काल बढ़ाया जाए और सभी चिह्नित ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष टीमें तैनात की जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सीएम योगी ने कहा कि कोहरे और खराब विजिबिलिटी की स्थिति में ट्रैफिक मैनेजमेंट को प्राथमिकता दी जाए। जनता के लिए जारी की गई एडवाइजरी का सख्ती से पालन कराया जाए और आवश्यकता पड़ने पर वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि एक्सप्रेस-वे पर क्रेन और एंबुलेंस की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी दुर्घटना की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में देरी न हो। इसके साथ ही टोल प्लाजा एवं प्रमुख स्थानों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से कोहरे की स्थिति और यातायात संबंधी सूचनाएं लगातार प्रसारित की जाएं, ताकि वाहन चालक समय रहते सतर्क हो सकें।
सीएम योगी ने यह भी स्पष्ट किया कि कोहरे के दौरान ओवरस्पीडिंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
