कोहरे के चलते एक्सप्रेसवे पर घटाई गई स्पीड लिमिट, यूपीडा का बड़ा फैसला

0
IMG-20251218-WA0008

लखनऊ– कोहरे और कम दृश्यता के कारण एक्सप्रेसवे पर बढ़ते हादसों को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने वाहनों की गतिसीमा में अस्थायी कटौती की है। यह नई व्यवस्था 19 दिसंबर से 15 फरवरी तक लागू रहेगी। यूपीडा ने स्पष्ट किया है कि तय गति सीमा का उल्लंघन करने पर आईटीएमएस (ITMS) के माध्यम से ऑनलाइन चालान किया जाएगा।

यूपीडा द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मालवाहक वाहनों के लिए दिन में अधिकतम गति 50 किमी प्रति घंटा और रात में 40 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। वहीं कारों के लिए दिन में 80 किमी प्रति घंटा तथा रात में 60 किमी प्रति घंटा की स्पीड लिमिट तय की गई है।
इसके अलावा 9 सीटर वाहनों के लिए दिन में 60 किमी प्रति घंटा और रात में 50 किमी प्रति घंटा की गति सीमा लागू रहेगी।

यूपीडा ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान एक्सप्रेसवे पर इमरजेंसी इंडिकेटर लाइट जलाकर वाहन चलाएं। साथ ही वाहनों के आगे और पीछे रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य रूप से लगवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कम दृश्यता में भी वाहन स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकें।

किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में सहायता के लिए यूपीडा ने हेल्पलाइन नंबर 14449 जारी किया है। यूपीडा अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक्सप्रेसवे पर लगातार निगरानी की जा रही है और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

यूपीडा ने वाहन चालकों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाकर स्वयं व अन्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Translate »