पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची में बड़ा बदलाव

0
IMG-20251219-WA0007

आगामी पंचायत चुनावों को लेकर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के बाद महत्वपूर्ण आंकड़े सामने आए हैं। पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत प्रदेशभर में मतदाता सूची को अपडेट किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नए मतदाताओं को जोड़ा गया है, वहीं अपात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।

जारी आंकड़ों के अनुसार, मतदाता सूची में कुल 1 करोड़ 81 लाख नए नाम जोड़े गए हैं, जबकि 1 करोड़ 41 लाख नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। हटाए गए नामों में मृत मतदाता, विस्थापित लोग तथा डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं।

पुनरीक्षण के दौरान 53 लाख 67 हजार 410 डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जिससे मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने का प्रयास किया गया है। इसके साथ ही यह भी सामने आया है कि करीब 1 करोड़ 5 लाख लोग पहली बार मतदाता बने हैं, जो आगामी पंचायत चुनावों में पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसंबर को किया जाएगा, ताकि आमजन सूची का अवलोकन कर सकें। इसके बाद आपत्तियों और दावों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची 6 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी।

निर्वाचन विभाग का कहना है कि इस व्यापक पुनरीक्षण का उद्देश्य पंचायत चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि केवल पात्र मतदाता ही चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »