उत्तर प्रदेश पुलिस हुई हाई-टेक, वाराणसी रेंज में शुरू हुई व्हाट्सएप बॉट सेवा
वाराणसी– उत्तर प्रदेश पुलिस ने तकनीक के क्षेत्र में एक और बड़ी पहल करते हुए वाराणसी रेंज में व्हाट्सएप “बॉट” सेवा की शुरुआत कर दी है। यह सेवा वाराणसी रेंज में पहली बार लागू की गई है, जिससे आम जनता अब पुलिस तक अपनी सूचना और शिकायतें आसान, सुरक्षित और त्वरित तरीके से पहुंचा सकेगी।
इस नई व्यवस्था के तहत नागरिक मोबाइल नंबर 7839860411 पर व्हाट्सएप के माध्यम से मैसेज भेजकर या QR कोड स्कैन कर सीधे पुलिस को सूचना दे सकते हैं। इस सेवा के जरिए अपराध, अवैध गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों, नशे का कारोबार, जुआ, सट्टा, अवैध शराब, हथियारों की तस्करी जैसी विभिन्न गैरकानूनी गतिविधियों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, व्हाट्सएप बॉट सेवा का उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देना और सूचना तंत्र को मजबूत करना है। आम नागरिक बिना किसी झिझक और पहचान उजागर किए बिना भी सूचना साझा कर सकेंगे, जिससे पुलिस को समय रहते कार्रवाई करने में सहायता मिलेगी।
व्हाट्सएप बॉट के माध्यम से भेजी गई सूचनाएं सीधे कंट्रोल सिस्टम से जुड़ेंगी, जहां संबंधित अधिकारियों द्वारा उनका परीक्षण कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस की यह पहल डिजिटल इंडिया और स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में इस तरह की हाई-टेक सेवाओं को अन्य रेंज और जिलों में भी लागू किया जाएगा।
