सीएम के निर्देश के बाद राजस्व परिषद हरकत में, UPSSSC को लिखा पत्र
लखनऊ– लेखपाल भर्ती परीक्षा में आरक्षण लागू करने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के रुख के बाद राजस्व परिषद पूरी तरह हरकत में आ गई है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में राजस्व परिषद आयुक्त ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) को पत्र लिखकर एक सप्ताह के भीतर अधियाचन प्रक्रिया के तहत पदों की संशोधित सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने साफ कहा है कि लेखपाल भर्ती में आरक्षण नियमों का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधियाचन प्रक्रिया में शिकायत मिलने पर चेयरमैन, राजस्व परिषद को सीधे जिम्मेदार ठहराने की चेतावनी भी दी है। उन्होंने कहा कि यदि आरक्षण से संबंधित किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर वर्तमान में रिक्त 7,994 लेखपाल पदों की संख्या की विस्तृत जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। इन सभी पदों पर वर्टिकल (SC, ST, OBC, General) एवं हॉरिजॉन्टल (महिला, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक आदि) आरक्षण लागू करने के निर्देश स्पष्ट रूप से दिए गए हैं।
सरकार का स्पष्ट संदेश है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, नियमों के अनुरूप और आरक्षण व्यवस्था के पालन के साथ ही पूरी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि यह विषय सामाजिक न्याय से जुड़ा है और इसमें किसी भी प्रकार की चूक स्वीकार्य नहीं होगी।
राजस्व परिषद एवं UPSSSC को निर्देशित किया गया है कि समयबद्ध तरीके से संशोधित अधियाचन भेजकर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति का सामना न करना पड़े।
