खेल एवं युवा कल्याण विभाग को सेवारत विभागों की श्रेणी में किया गया शामिल
लखनऊ– उत्तर प्रदेश सरकार ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को सेवारत विभागों की श्रेणी में शामिल कर दिया है। इस निर्णय के तहत विभाग को खेल अवसंरचना के विकास के लिए विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
नई व्यवस्था के अनुसार जिला मुख्यालयों एवं सभी विकास खंडों में स्टेडियम निर्माण हेतु आवश्यक भूमि जिलाधिकारियों (डीएम) द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में खेल सुविधाओं का विस्तार करना तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर खेल संसाधन उपलब्ध कराना है।
इस पहल से प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। सरकार का मानना है कि पर्याप्त खेल अवसंरचना विकसित होने से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
