इटावा पुलिस लाइन में महिला कांस्टेबल ने की आत्महत्या, जहरीला पदार्थ खाने से मौत
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा में पुलिस लाइन में तैनात महिला कांस्टेबल प्रियंका ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन की बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्रियंका वर्ष 2019 बैच की सिपाही थीं और सैफई थाने में तैनात थीं। वह मूल रूप से सहारनपुर के रामगढ़ की रहने वाली थीं।
बताया जा रहा है कि पति से कहासुनी के बाद प्रियंका ने यह कदम उठाया। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच के बाद ही पूरी स्थिति सामने आ सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।
