इंस्पेक्टर के बेटे की कार का चालान… पुलिसकर्मी ही लाइन हाजिर
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर घंटा चौक पर नंबर प्लेट पर कागज की पट्टी लगी कार का चालान करना ट्रैफिक हेड कांस्टेबल को भारी पड़ गया।बताया जा रहा है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी नकुल ने चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार को रोका। आरोप है कि कार की आगे-पीछे की नंबर प्लेट ढकी हुई थी, जिसके बाद उसका चालान किया गया।
हेड कांस्टेबल के मुताबिक, कार में मौजूद युवक ने कार्रवाई का विरोध किया और कथित तौर पर अभद्रता की। युवक ने अपने पिता को फोन किया, जिसके बाद संबंधित थाने के इंस्पेक्टर के मौके पर पहुंचने का आरोप है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी नंबर प्लेट पर लगी कागज की पट्टी के बारे में बताते नजर आ रहे हैं।
मामला अधिकारियों तक पहुंचने के बाद हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, पूरे मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई है और जांच की जिम्मेदारी एडीसीपी नोएडा को दी गई है।
जांच के बाद ही साफ होगा कि पूरे मामले में किसकी गलती थी।
