जाली दस्तावेजों से 9.2 करोड़ की धोखाधड़ी, बैंक ऑफ बड़ौदा मुख्य शाखा में घोटाला
रायबरेली: बैंक ऑफ बड़ौदा में 9.20 करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा सामने आया है। जाली दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये के लोन स्वीकृत किए जाने का मामला उजागर हुआ है।
बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा में वर्ष 2024–25 के दौरान फर्जी वेतन प्रमाणपत्र और पे-स्लिप के जरिए कुल 9.20 करोड़ रुपये के लोन पास किए गए। जांच में सामने आया है कि आधार कार्ड और पैन कार्ड सही पाए गए, लेकिन लोन लेने वालों की पहचान फर्जी थी। फेक आईडी का इस्तेमाल कर बैंक को करोड़ों रुपये की चपत लगाई गई।
इस मामले में बैंक के मुख्य प्रबंधक मुकेश की तहरीर पर शहर कोतवाली में 48 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस को दी गई तहरीर में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका भी जताई गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फर्जीवाड़े में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका खंगाली जा रही है।
