पेट्रोल-डीजल पर अफवाहों के बीच सरकार सख्त, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य
लखनऊ- उत्तर प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर योगी आदित्यनाथ सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी किसी तरह की कमी नहीं है।
प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद विभाग रणवीर प्रसाद ने बताया कि सभी जिलों में मांग के अनुसार पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है और किसी भी क्षेत्र में संकट जैसी स्थिति नहीं है।
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी करने से बचें। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर ईंधन की कमी को लेकर भ्रामक संदेश फैलाए जा रहे हैं, जिन्हें प्रशासन ने पूरी तरह गलत बताया है। ऐसे शरारती तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश के सभी जिलों में प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पेट्रोल पंपों की स्थिति पर नजर रखें और कहीं भी आपूर्ति बाधित न होने दें। तेल कंपनियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सरकार ने यह भी कहा है कि अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण करने से आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव पड़ता है। इसलिए लोग संयम बरतें और केवल जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें।
प्रदेश सरकार ने भरोसा दिलाया है कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और पेट्रोल-डीजल को लेकर किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
वहीं, लखनऊ पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के सदस्य और एसआर फिलिंग स्टेशन (इंजीनियरिंग कॉलेज) के मालिक सर्वेश वाजपेई ने भी बताया कि पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सभी पेट्रोल पंप 24 घंटे सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं और लोगों को घबराकर ईंधन स्टोर करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
