यूपी में अगले 5 दिनों तक झमाझम बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया ब्लू अलर्ट
लखनऊ- उत्तर प्रदेश के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से जल्द राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना जताते हुए ब्लू अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आज से बारिश का दौर शुरू होकर 1 जुलाई तक जारी रह सकता है। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक अनेक जिलों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।
बारिश का यह सिलसिला पश्चिमी यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, बागपत, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, अमरोहा, संभल, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में प्रभावी रहने की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में भी अच्छी बारिश के संकेत हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
विशेषज्ञों ने किसानों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने तथा आवश्यक कृषि कार्यों की योजना मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बनाने की सलाह दी है।
