यूपी भाजपा कोर ग्रुप बैठक में मंथन, मकर संक्रांति के बाद मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत
लखनऊ– उत्तर प्रदेश भाजपा की कोर ग्रुप बैठक में संगठन और सरकार से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में मकर संक्रांति के बाद संभावित योगी मंत्रिमंडल विस्तार, संगठनात्मक फेरबदल और राजनीतिक रणनीति जैसे विषय प्रमुख रहे।
सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल विस्तार में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी सहित कई नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। भूपेन्द्र चौधरी को सरकार या संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह पंकज चौधरी की पहली कोर ग्रुप बैठक थी, जिसमें संगठन की दिशा और आगामी कार्ययोजनाओं पर गहन मंथन किया गया।
बैठक में आरएसएस के क्षेत्र प्रचारक अनिल और महेंद्र की भी उपस्थिति रही, जिससे संगठन और संघ के बीच समन्वय को लेकर भी चर्चा होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कोर ग्रुप बैठक में हुई चर्चाओं और प्रस्तावों की विस्तृत जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे। इसके आधार पर आगामी दिनों में संगठनात्मक और मंत्रिमंडलीय फैसलों पर अंतिम मुहर लग सकती है।
राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को आने वाले समय में बड़े बदलावों का संकेत माना जा रहा है।
