श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ: 31 दिसंबर को अयोध्या में भव्य समारोह

0
9640661b-26ba-476b-ac66-100c036b4716_842x473

अयोध्या में श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को दो वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इस अवसर पर 31 दिसंबर को रामनगरी में एक भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। समारोह में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद बीते दो वर्षों में अयोध्या ने अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है। रामनगरी आज न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनी है, बल्कि यह विकास और सांस्कृतिक विरासत का सजीव उदाहरण भी बनकर उभरी है। आधुनिक बुनियादी ढांचे और पारंपरिक पहचान के समन्वय ने अयोध्या को वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।
बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष अयोध्या में पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। देश-विदेश से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। पर्यटन विस्तार के साथ होटल उद्योग, होम-स्टे और अन्य सेवाओं में तेज़ी से विकास हुआ है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त हुए हैं।
विकास परियोजनाओं के चलते अब युवाओं को नौकरी के लिए बाहर पलायन नहीं करना पड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर ही स्वरोजगार और रोजगार के साधन उपलब्ध हो रहे हैं। होम-स्टे व्यवस्था ने आम लोगों को सीधे तौर पर आय का नया स्रोत प्रदान किया है, वहीं होटल और पर्यटन उद्योग के विस्तार से बड़ी संख्या में युवाओं को काम मिला है।
अयोध्या का यह विकास उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। रामनगरी आज प्रदेश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का केंद्र बनकर उभरी है, जहां आस्था, विकास और आत्मनिर्भरता एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »