परिवहन निगम की समीक्षा बैठक: लक्ष्य पूर्ति और सड़क सुरक्षा पर प्रबंध निदेशक के सख्त निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक श्री प्रभु एन सिंह की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निगम के सभी 20 क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधकों, सेवा प्रबंधकों एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में संचालन, आय, सड़क सुरक्षा एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
प्रबंध निदेशक ने सुगम ऐप के माध्यम से क्रू-ड्यूटी की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी चालक एवं परिचालकों की ड्यूटी अनिवार्य रूप से सॉफ्टवेयर के माध्यम से ही लगाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से सॉफ्टवेयर विकसित किया गया है और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनवरी 2026 में 28 जनवरी तक के संचालन प्रतिफलों की समीक्षा के दौरान बस उपयोगिता, लोड फैक्टर, प्रति बस प्रतिदिन आय एवं ईंधन औसत में गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में गिरावट वाले क्षेत्रों एवं डिपो के अधिकारियों को सुधार हेतु सचेत किया गया। सभी क्षेत्रों को निर्धारित आय लक्ष्य शत-प्रतिशत प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। खराब प्रतिफल वाले डिपो में क्षेत्रीय एवं सेवा प्रबंधकों को अलग-अलग दिनों में भ्रमण कर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में प्रदेशभर में हो रही बस दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए सड़क सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया गया। प्रबंध निदेशक ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु संख्या को 50 प्रतिशत तक कम करने का लक्ष्य है। इसके लिए चालकों को बिना प्रशिक्षण मार्ग पर न भेजने, नियमित काउंसलिंग कराने तथा ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2025 में जहां 23 फेटल दुर्घटनाएं और 55 घायल थे, वहीं जनवरी 2026 में यह संख्या घटकर 8 फेटल दुर्घटनाएं और 27 घायल रह गई है, जो सुधार को दर्शाता है।
इसके अलावा विभिन्न जनपदों में निर्माणाधीन एवं पुनर्निर्माणाधीन बस स्टेशनों की भी समीक्षा की गई। प्रबंध निदेशक ने बताया कि हमीरपुर में डिपो कार्यशाला हेतु लगभग 690 लाख रुपये के सापेक्ष 345 लाख रुपये प्रथम किस्त के रूप में, सिद्धार्थनगर (बासी) बस स्टेशन के पुनर्निर्माण हेतु 152 लाख रुपये, संभल के चन्दौसी में नए बस स्टेशन के निर्माण हेतु लगभग 150 लाख रुपये तथा रायबरेली के सलोन बस स्टेशन के पुनर्निर्माण हेतु लगभग 150 लाख रुपये अवमुक्त किए गए हैं। उन्होंने अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए कि कार्यों की नियमित समीक्षा कर तेजी लाई जाए, ताकि प्रदेश की जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।
