सीता मइया के दिव्य चरित का ज्ञान कराएगी ‘वैदेही आर्ट गैलरी’: मुख्यमंत्री

0
PTI01-22-2024-000187B-0_1705914695662_1705914715223

मुख्यमंत्री के निर्देश पर अयोध्या में वशिष्ठ भवन परिसर में स्थापित होगी ‘वैदेही आर्ट गैलरी’

मिथिला की संस्कृति, लोकपरंपरा और कला के विविध आयामों को मिले प्रमुख स्थान: मुख्यमंत्री

लखनऊ, 04 फरवरी– मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीअयोध्या धाम में माता सीता के जीवन-चरित पर केंद्रित ‘वैदेही आर्ट गैलरी’ की स्थापना के निर्देश दिए हैं। बुधवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सीता मइया भारतीय संस्कृति, मर्यादा और नैतिक मूल्यों की अनुपम प्रतीक हैं। नई पीढ़ी को उनके आदर्श चरित्र से गहराई से परिचित कराना आज की आवश्यकता है।
आर्ट गैलरी की परिकल्पना साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वैदेही आर्ट गैलरी’ केवल एक कला-संग्रहालय नहीं होगी, बल्कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से माता सीता के जीवन, त्याग, करुणा, मर्यादा, धैर्य और आंतरिक शक्ति का जीवंत और भावनात्मक पुनर्पाठ प्रस्तुत करेगी। यह गैलरी एक ऐसी सांस्कृतिक अनुभव-स्थली बने, जहां आगंतुक केवल दर्शन ही न करें, बल्कि माता सीता के जीवन-संदेश को अनुभव कर सकें।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि गैलरी की कथा-वस्तु, डिजाइन, दृश्य-भाषा, कला और तकनीकी प्रस्तुति इस भाव को प्रतिबिंबित करे कि हम एक दिव्य विरासत का पुनर्स्मरण कर रहे हैं, जिसे प्रेरणास्रोत के रूप में नई पीढ़ी के समक्ष प्रस्तुत किया जाना है।
अयोध्या विकास प्राधिकरण के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निकट वशिष्ठ भवन परिसर में विकसित की जा सकती है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि वैदेही आर्ट गैलरी का निर्माण अयोध्या को वैश्विक सांस्कृतिक नगर के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि इस गैलरी में मिथिला की संस्कृति, लोकपरंपरा, कला और शिल्प के विविध आयामों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए, ताकि माता सीता से जुड़ी सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Translate »