सहारा सिटी खाली कराने की कार्रवाई तेज, जमीन पर बनेगा नया विधानसभा भवन

0
IMG-20260319-WA0009

लखनऊ:
गोमतीनगर स्थित सहारा सिटी को खाली कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है। पिछले कई दिनों से परिसर में ट्रकों और अन्य वाहनों की लगातार आवाजाही जारी है। जानकारी के मुताबिक, सहारा प्रमुख रहे सुब्रत रॉय की पत्नी स्वप्ना रॉय अपनी कोठी ‘स्वप्ना कुटी (व्हाइट हाउस)’ से कीमती सामान बाहर निकलवा रही हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एक बार बाहर गया सामान दोबारा परिसर में नहीं लाया जाएगा। साथ ही सहारा प्रबंधन से जुड़े लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगाई जा रही है। यह कार्रवाई लखनऊ नगर निगम के आदेश पर की जा रही है।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने सहारा सिटी की लीज समाप्त करने के फैसले को सही ठहराते हुए जमीन नगर निगम को सौंपने का आदेश दिया है। इसके बाद अब इस भूमि पर नया विधानसभा भवन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस परियोजना के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण को नोडल एजेंसी बनाया गया है, जो डीपीआर और डिजाइन तैयार कराने की प्रक्रिया में जुटा है।
इसी बीच, सहारा सिटी में करोड़ों रुपये के सामान की चोरी का मामला भी सामने आया था। चोरी में पिस्टल, कारतूस, महंगी घड़ियां, कैमरे, टीवी, मोबाइल, वाहन और चांदी के बर्तन शामिल थे। इस मामले में स्पेशल टास्क फोर्स ने छह आरोपियों के गिरोह का खुलासा कर चोरी का सामान बरामद किया है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इतनी बड़ी चोरी बिना अंदरूनी जानकारी के संभव नहीं थी।
नगर निगम और एसटीएफ की जांच में यह भी सामने आया कि सील होने के बावजूद कुछ लोग रात में परिसर की रेकी कर रहे थे। सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब सतर्क हो गया है और गार्डों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगे ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
गौरतलब है कि यह विवाद नया नहीं है। लीज की शर्तों के उल्लंघन और अवधि पूरी होने के आधार पर 6 अक्टूबर को नगर निगम ने जमीन अपने कब्जे में ले ली थी। इसके खिलाफ सहारा प्रबंधन ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, लेकिन राहत नहीं मिली और 16 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी।
अब 170 एकड़ में फैली इस जमीन पर सरकार की नजर है और यहां नया विधानसभा भवन बनाने की योजना पर काम तेज कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »