उन्नाव में खंती में डूबकर युवक की मौत, हत्या की आशंका पर परिजनों का हंगामा
Oplus_16908288
उन्नाव के शुक्लागंज में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक घटना में 28 वर्षीय रेशु पांडे की मौत हो गई। वह मरहला चौराहे के पास विष्णुपुरी स्थित करीब 12 फीट गहरी खंती में डूब गए थे।
घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। उन्हें बचाने के लिए मौके पर मौजूद 10 वर्षीय अनुज ने रस्सी फेंकी, लेकिन रेशु रस्सी नहीं पकड़ सके। पुलिस और गोताखोरों ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में उनकी पहचान गंगाघाट के प्रेमनगर निवासी रेशु पांडे, पुत्र राजेश पांडे, के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। शुक्रवार को शव को गंगाघाट कोतवाली के बाहर रखकर परिजनों ने प्रदर्शन किया और तीन युवकों के खिलाफ कार्रवाई व गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। फिलहाल हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
