लखनऊ से पीएम मोदी का राष्ट्र निर्माण का संदेश, राष्ट्र प्रेरणा स्थल का किया लोकार्पण

0
IMG-20250921-WA0016

लखनऊ– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज लखनऊ की यह पावन भूमि एक नई राष्ट्रीय प्रेरणा की साक्षी बन रही है। प्रधानमंत्री ने देश और दुनिया को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि करोड़ों ईसाई परिवार आज प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव को उल्लास के साथ मना रहे हैं।


प्रधानमंत्री ने कहा कि 25 दिसंबर का दिन भारत के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन देश की दो महान विभूतियों—भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय—का जन्म हुआ था। दोनों महापुरुषों ने राष्ट्र निर्माण में अमिट छाप छोड़ी। साथ ही 25 दिसंबर को वीर योद्धा महाराजा बिजली पासी की जयंती भी है, जिन्होंने वीरता और सुशासन की समृद्ध विरासत देश को दी।


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह एक अद्भुत संयोग है कि अटल जी ने वर्ष 2000 में महाराजा बिजली पासी के सम्मान में डाक टिकट जारी किया था। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी, महामना मदन मोहन मालवीय और महाराजा बिजली पासी को नमन किया।


प्रधानमंत्री ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण को अपने लिए सौभाग्य बताया और कहा कि यह स्थल देश को एकता और राष्ट्र निर्माण का मार्ग दिखाएगा। यहां स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की भव्य प्रतिमाएं यह संदेश देती हैं कि देश को आगे बढ़ाने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चलना होगा।


उन्होंने कहा कि जिस भूमि पर आज यह प्रेरणा स्थल बना है, वहां कभी कूड़े-कचरे का पहाड़ हुआ करता था। इस ऐतिहासिक कार्य के लिए प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, परियोजना से जुड़े श्रमिकों और सभी कामगारों को बधाई दी।


प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश को एक नई दिशा दी। आजादी के बाद जम्मू-कश्मीर में जो व्यवस्थाएं देश की अखंडता के लिए चुनौती थीं, आज वहां भारत का संविधान पूरी तरह लागू है। डॉ. मुखर्जी ने आर्थिक आत्मनिर्भरता और औद्योगिकीकरण की नींव रखी, जिसे आज मेक इन इंडिया के माध्यम से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर का निर्माण हुआ है और ऑपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत पूरी दुनिया ने देखी है।
प्रधानमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास का पैमाना अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति की मुस्कान है। सरकार ने हर जरूरतमंद को योजनाओं के दायरे में लाकर न्याय सुनिश्चित किया है। आज करोड़ों लोगों को पक्का मकान, शौचालय, नल से जल, बिजली, गैस कनेक्शन, मुफ्त इलाज और अनाज मिल रहा है।


उन्होंने कहा कि 2014 से पहले केवल 25 करोड़ लोग सरकारी योजनाओं से जुड़े थे, जबकि आज 96 करोड़ नागरिक सामाजिक सुरक्षा के दायरे में हैं। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से 25 करोड़ से अधिक गरीब जुड़े हैं और दुर्घटना बीमा योजना से 55 करोड़ से अधिक लोगों को सुरक्षा मिली है, जिससे अब तक 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता गरीबों तक पहुंची है।


प्रधानमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में सुशासन को धरातल पर उतारा गया और टेलीकॉम क्रांति को गति मिली। आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल इंटरनेट उपयोगकर्ता देश है और पिछले 11 वर्षों में मोबाइल निर्माण में भारत दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश मोबाइल निर्माण में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है।


प्रधानमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत गांव-गांव तक 8 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कें बनी हैं और देश में एक्सप्रेसवे व मेट्रो नेटवर्क तेजी से विस्तार कर रहा है। दिल्ली मेट्रो की शुरुआत भी अटल जी की दूरदृष्टि का परिणाम थी।


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी के बाद अच्छे कार्यों को एक परिवार तक सीमित करने की प्रवृत्ति रही, लेकिन भाजपा ने देश को परिवारवाद से मुक्त कर सभी महापुरुषों को सम्मान दिया। सरदार पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा, भगवान बिरसा मुंडा का स्मारक, महाराजा सुहेलदेव, राजा महेंद्र प्रताप और चौरी-चौरा के शहीदों को दिया गया सम्मान इसके उदाहरण हैं।


उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्रियों को भी उनका सम्मान दिलाया और नरसिम्हा राव को भारत रत्न दिया गया। मुलायम सिंह यादव को भी राष्ट्र पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज 21 प्रतिशत योगदान के साथ देश में नई पहचान बना रहा है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम विश्व पटल पर भारत की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश सुशासन, समृद्धि और न्याय के मॉडल के रूप में नई ऊंचाइयों को छुएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »