माघ मेले का सबसे बड़ा तीसरा स्नान कल, मौनी अमावस्या पर उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब
प्रयागराज– माघ मेले का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण तीसरा स्नान पर्व मौनी अमावस्या के अवसर पर कल आयोजित होगा। स्नान पर्व की शुरुआत ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4 बजे से होगी। स्नान को लेकर आज से ही संगम सहित सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है।
मेला प्रशासन ने स्नान पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबा स्नान घाट तैयार किया गया है, जहां श्रद्धालु सुगमता से पवित्र स्नान कर सकेंगे। प्रशासन के अनुमान के अनुसार इस अवसर पर 3 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के प्रयागराज पहुंचने की संभावना है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी के जवानों के साथ-साथ प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई है। इसके अलावा एटीएस के कमांडो और खुफिया एजेंसियां भी मेले में सक्रिय रूप से निगरानी कर रही हैं।
प्रशासन द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। मेला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और स्नान पर्व को सुरक्षित व सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।
