उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा की तिथि घोषित, 8 से 10 जून तक होगी लिखित परीक्षा

0
698200e23ca48-up-police-315516469-16x9

लखनऊ, 3 फरवरी– उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। योगी सरकार ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत होने वाली लिखित परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) द्वारा जारी सूचना के अनुसार सिपाही भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 8 जून (सोमवार), 9 जून (मंगलवार) और 10 जून (बुधवार) को आयोजित की जाएगी। परीक्षा तीनों दिन दो-दो पालियों में कराई जाएगी।
इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश में कुल 32,679 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी, परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड एवं आवश्यक दिशा-निर्देश उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।

अभ्यर्थियों को योगी सरकार से बड़ी राहत
प्रदेश में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सिपाही भर्ती-2025 के अंतर्गत अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त तीन वर्ष का शिथिलीकरण प्रदान किया गया है।
यह निर्णय उत्तर प्रदेश लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा का शिथिलीकरण) नियमावली-1992 के नियम-3 के अंतर्गत लिया गया है। शासनादेश के अनुसार यह शिथिलीकरण 31 दिसंबर 2025 को जारी भर्ती विज्ञप्ति के क्रम में 5 जनवरी 2026 से प्रभावी माना गया है। इस फैसले से बड़ी संख्या में ऐसे अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिला है, जो पहले आयु सीमा के कारण वंचित रह जाते थे।

प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी भर्ती का रिकॉर्ड
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 60,244 कांस्टेबल पदों पर भर्ती की गई थी, जो प्रदेश सरकार की अब तक की सबसे बड़ी भर्ती रही। इस भर्ती में 20 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखते हुए उन्हें नियुक्ति प्रदान की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »