बलरामपुर अस्पताल को मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा : डिप्टी सीएम
लखनऊ– बलरामपुर अस्पताल के 157वें स्थापना दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल को उच्चीकृत कर मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बलरामपुर अस्पताल में लगातार सुविधाओं और संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है और सरकार मरीजों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य कर रही है।
स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पताल प्रशासन से मेडिकल कॉलेज के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रस्ताव मिलने पर सरकार की ओर से सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि सरकारी अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो और आमजन को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हों।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, डीजी परिवार कल्याण डॉ. पवन कुमार अरुण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
