यूपी में पेट्रोल, डीजल और LPG की सप्लाई पूरी तरह सामान्य, कहीं कोई कमी नहीं
उत्तर प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (LPG) की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। राज्यभर में कुल 13,168 पेट्रोल पंप और 28 डिपो के माध्यम से निर्बाध सप्लाई जारी है।
प्रदेश में रोजाना लगभग 20 हजार किलोलीटर (TKL) पेट्रोल और 33 हजार किलोलीटर डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
एलपीजी की बात करें तो राज्य में 4.88 करोड़ उपभोक्ताओं को 4,143 वितरकों के जरिए नियमित सेवा दी जा रही है। प्रतिदिन करीब 8 लाख एलपीजी सिलेंडरों की रिफिल डिलीवरी की जा रही है, जिससे सप्लाई पूरी तरह स्थिर बनी हुई है।
इसके अलावा, 94 प्रतिशत एलपीजी बुकिंग अब डिजिटल माध्यम से की जा रही है और DAC (डिजिटल ऑथेंटिकेशन कोड) के जरिए सुरक्षित डिलीवरी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
