डीएम ने नवीन मंडी केंद्र पर गेहूं खरीद का किया निरीक्षण, लापरवाही पर केंद्र प्रभारी को लगाई फटकार
जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने खाद्य एवं विपणन शाखा के अंतर्गत नवीन मंडी स्थित गेहूं खरीद केंद्र का औचक निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारी से अब तक खरीदे गए गेहूं की मात्रा, किसानों के पंजीकरण व सत्यापन, भुगतान की स्थिति, तौल व्यवस्था, बोरे की उपलब्धता तथा किसानों के लिए बैठने, पानी व अन्य सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान गेहूं खरीद की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारी पर नाराजगी जताते हुए कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों का गेहूं प्राथमिकता के आधार पर खरीदा जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि टोल फ्री नंबर के माध्यम से किसानों से संपर्क कर उन्हें केंद्र तक बुलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक खरीद सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि गेहूं खरीद में किसी भी प्रकार के बिचौलियों की एंट्री न हो, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खरीदे गए गेहूं का भुगतान निर्धारित समय सीमा में किसानों को किया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र पर किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। सिटी मजिस्ट्रेट को अब तक की गई खरीद का सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए।
इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
